बांदा: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बुधवार को बांदा जिला कारागार में ऐसा भावुक और दिल छू लेने वाला नजारा देखने को मिला, जिसने जेल की ऊंची दीवारों के बीच भी रिश्तों की गर्माहट और इंसानियत की रोशनी बिखेर दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनें जिला कारागार पहुंचीं और अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बंदी भाई-बहनों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया।
जब जेल में गूंजा भाईचारे का संदेश
राखी बंधते ही जेल परिसर का माहौल भावुक हो उठा। ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी के स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की। साथ ही प्रेम, शांति, सद्भाव और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ कलाई पर धागा बांधने का पर्व नहीं, बल्कि बुराइयों से दूर रहने और अच्छे संकल्पों को जीवन में अपनाने का अवसर है।
जेल की दीवारों के पार पहुंचा प्रेम का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। बंदियों की कलाई पर राखी बांधने के इस प्रयास से जेल परिसर में भी भाईचारे, आत्मीयता और सकारात्मकता का माहौल दिखाई दिया।
इस अवसर पर बीके शालिनी दीदी, साधना दीदी, आशा दीदी, शिखा बहन, सुनैना बहन, सोनी बहन, वंदना बहन, मसुराहा भाई साहब, दिलीप भाई जी, महेश भाई जी और पटेल भाई जी सहित अन्य भाई-बहन मौजूद रहे।





