बांदा: रात के अंधेरे में हैंडपंप से पानी लेकर घर लौट रही युवती के साथ पड़ोसी युवक द्वारा कथित छेड़खानी और जबरन घर के अंदर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। युवती की चीख-पुकार सुनकर उसके दिव्यांग माता-पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे छोड़कर अपने घर में चला गया। इसके बाद जब पीड़िता के माता-पिता आरोपी के घर उलाहना देने पहुंचे तो वहां भी विवाद हो गया।
मामला बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। युवती बीती रात करीब आठ बजे घर के पास लगे सरकारी हैंडपंप से पानी लेकर वापस लौट रही थी। आरोप है कि घर के दरवाजे पर पहुंचते ही पड़ोसी युवक शुभम ने उसे पकड़ लिया और मुंह दबाकर छेड़खानी करते हुए जबरन घर के अंदर ले जाने लगा। युवती ने शोर मचाया तो उसकी आवाज सुनकर दिव्यांग पिता और मां बचाने के लिए दौड़े। परिजनों को आता देख आरोपी युवती को छोड़कर अपने घर के अंदर चला गया।
घटना के बाद पीड़िता के माता-पिता आरोपी के घर उलाहना देने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी के पिता हरिश्चंद्र और भाई रमेश ने उनके साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और धमकी दी। पीड़िता के पिता ने सोमवार को पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक शुभम समेत तीन लोगों के खिलाफ छेड़खानी, एससी-एसटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती का चिकित्सीय परीक्षण और बयान दर्ज कराया जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





