हाथरस: शहर के थाना हाथरस गेट क्षेत्र की न्यू गढ़ी तमन्ना कॉलोनी में खेत के चारों ओर लगे बिजली के तारों की चपेट में आने से करीब 10 से 12 बंदरों और दो कुत्तों की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस खेत में यह घटना हुई, वह पूरन प्रकाश पुत्र दामोदर सिंह का है। खेत के चारों ओर लगे तारों में कथित तौर पर बिजली का करंट छोड़ा गया था, जिसकी चपेट में आने से बंदरों और कुत्तों की मौत हो गई। लोगों ने बताया कि करीब छह से सात महीने पहले भी इसी खेत में करंट लगने से एक भैंस की मौत हो गई थी। इसके बावजूद खेत में दोबारा करंट छोड़े जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
घटना के बाद आसपास बड़ी संख्या में बंदर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंदरों का झुंड हजारों की संख्या में दिखाई दिया, जिससे कॉलोनी के लोगों में दहशत फैल गई। भय के कारण कई परिवार अपने घरों के अंदर चले गए और बाहर निकलने से बचते रहे।
सूचना मिलने पर थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। वहीं, अंधेरा होने के बाद जब बंदरों का झुंड वहां से चला गया, तो गौरक्षकों और पशु प्रेमियों ने मृत बंदरों को एकत्रित किया और उनका अंतिम संस्कार किया।
मामले को लेकर प्रभागीय वनाधिकारी यानी डीएफओ राकेश चंद्र यादव ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है। वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने खेतों में बिजली के तारों की सुरक्षा और वन्यजीवों की रक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





