बकेवर, इटावा: बकेवर थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक होटल में चोरों ने ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोर होटल से करीब 200 लीटर डीजल, इनवर्टर और कीमती बैटरियां चोरी कर फरार हो गए। हाईवे किनारे हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, देर रात चोरों ने होटल को निशाना बनाया। होटल का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने वहां रखा करीब 200 लीटर डीजल, इनवर्टर और बैटरियां अपने कब्जे में लीं और मौके से फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर होटल संचालक को चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

हाईवे किनारे होटल में चोरी की वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर पुलिस की लगातार गश्त के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद चोर आसानी से होटल का ताला तोड़कर सामान लेकर फरार हो गए।

व्यापारियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कब तक करती है।