अमेठी। मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा ने शुक्रवार को कॉलेज परिसर के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के सैदुल्लापुर निवासी 21 वर्षीय दीप्ति यादव पुत्री कुंवर बख्श इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज, मुंशीगंज में जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को कॉलेज के अंदर एक कमरे में उसका शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।

छात्रा का शव फंदे से लटका देख कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज प्रबंधन की ओर से तत्काल घटना की सूचना मुंशीगंज पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही छात्रा की मौत से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक मुंशीगंज बृजेश सिंह ने बताया कि छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस कॉलेज के स्टाफ और छात्राओं से भी जानकारी जुटा रही है।