जमुई: गिधौर स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आया होमगार्ड, ड्यूटी के दौरान मौत
जमुई के गिधौर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से होमगार्ड गोविंद प्रसाद यादव की दर्दनाक मौत हो गई।

बिहार के जमुई जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गिधौर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे एक होमगार्ड की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब जनशताब्दी एक्सप्रेस तेजी से स्टेशन से गुजर रही थी। इस हादसे ने स्टेशन पर मौजूद अन्य कर्मियों और यात्रियों को सन्न कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 55 वर्षीय गोविंद प्रसाद यादव के रूप में हुई है। गोविंद मूल रूप से मुंगेर जिले के हवेली खरगपुर थाना क्षेत्र के भैया राम टोला के निवासी थे। उनकी तैनाती झाझा रेल पुलिस स्टेशन में थी, लेकिन वर्तमान में उन्हें गिधौर रेलवे स्टेशन पर तैनात किया गया था।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
घटना के समय गोविंद प्रसाद यादव प्लेटफॉर्म पर अपने साथी होमगार्ड मोहम्मद कादिर के साथ तैनात थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में वह आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गोविंद को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद रेलवे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को उनके बेटे अमित कुमार को सौंप दिया गया। इस अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।