उत्तरप्रदेश: उमरीबेगमगंज पुलिस ने किया बैटरी चोर गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित इंडस टावर से 11/12 अक्टूबर की रात चोरों ने बैटरी कैबिनेट का ताला काटकर अमरान कंपनी की आठ बैटरियां चोरी कर ली थीं। मामले में सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

गोण्डा: उमरीबेगमगंज पुलिस ने टावरों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर आठ लिथियम बैटरी, तीन मोटरसाइकिल, पांच हजार रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। बैटरियों की अनुमानित कीमत 7 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अल्लीपुर बनुआ स्थित इंडस टावर से 11/12 अक्टूबर की रात चोरों ने बैटरी कैबिनेट का ताला काटकर अमरान कंपनी की आठ बैटरियां चोरी कर ली थीं। मामले में सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
एक नवंबर को थानाध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनुवा-बरौली मार्ग पर घेराबंदी कर उत्कर्ष सिंह और अमित सिंह को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर खेत की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य बैटरियां और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। मौके से तीसरे आरोपी सावन सिंह उर्फ शिवा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अल्लीपुर बनुआ, लक्ष्मनपुरवा और परसपुर क्षेत्र के ग्राम मलाव स्थित टावरों से बैटरी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा परसपुर में मोबाइल छिनने और नवाबगंज क्षेत्र के एक महाविद्यालय से इन्वर्टर व बैटरी चोरी करने की घटना में भी संलिप्तता बताई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कटर, तीन रिंच, एक पेचकस और एक प्लास भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्कर्ष सिंह, अमित सिंह और सावन सिंह उर्फ शिवा निवासी ग्राम धुंधेपुर, थाना उमरीबेगमगंज के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय रवाना कर दिया गया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिलेख तिवारी, हेड कांस्टेबल विनय कुमार यादव तथा कांस्टेबल अभय सिंह, कन्हैया यादव और सुधीर कुमार शामिल रहे।