किशनगंज: ट्यूबवेल के बिजली तार से खेल रहा था मासूम, करंट लगते ही थम गईं सांसें
बिहार के किशनगंज में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां ट्यूबवेल के बिजली तार को दांत से छील रहे 8 साल के बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई।

बिहार के किशनगंज जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मासूम की लापरवाही और बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। नगर पंचायत बहादुरगंज के वार्ड संख्या 15 स्थित सताल निहालबाग में सोमवार को एक आठ साल के बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था और अनजाने में उसने मौत को दावत दे दी।
जानकारी के मुताबिक, गुलाब का आठ वर्षीय पुत्र जीशान आलम घर के आंगन में खेल रहा था। आंगन में ही ट्यूबवेल की मोटर लगी हुई थी। खेलते-खेलते जीशान की नजर मोटर से जुड़े बिजली के तारों पर पड़ी और वह उन्हें अपने दांतों से छीलने लगा। उस समय बिजली कटी हुई थी, लेकिन जैसे ही अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जीशान तेज करंट की चपेट में आ गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ा
बच्चे की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बदहवास हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज ले गए। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद जीशान को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घरों में खुले बिजली के तार और असुरक्षित उपकरण बच्चों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि सुरक्षित वायरिंग और अर्थिंग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान इस तरह न जाए।