बिहार

चेन्नई में ड्यूटी के दौरान समस्तीपुर के रेलवे कर्मचारी की मौत, घर पहुंचते ही मचा कोहराम

चेन्नई के टोंडियारपेट यार्ड में 25,000 वोल्ट की बिजली की चपेट में आने से समस्तीपुर के रेलवे कर्मचारी संजीव कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।

Sonu Nigam· 5 Nov, 11:41 AM · 1 मिनट
चेन्नई में ड्यूटी के दौरान समस्तीपुर के रेलवे कर्मचारी की मौत, घर पहुंचते ही मचा कोहराम

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। चेन्नई में भारतीय रेलवे में कार्यरत एक कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर के सरइरंजन नगर पंचायत के मुसरीघरारी निवासी संजीव कुमार (37 वर्ष) के रूप में हुई है। जैसे ही संजीव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, संजीव कुमार पिछले करीब 10 सालों से चेन्नई सेंट्रल में टेक्निकल ग्रेड-1 वेल्डर के पद पर तैनात थे। वह लाल बहादुर राम के पुत्र थे और अपने परिवार का सहारा थे। हादसा 2 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे चेन्नई के टोंडियारपेट यार्ड में हुआ। बताया जा रहा है कि काम के दौरान संजीव अचानक 25,000 वोल्ट के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में पसरा सन्नाटा, अंतिम विदाई देने उमड़ी भीड़

हादसे के बाद चेन्नई में कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और पोस्टमॉर्टम के बाद शव को उनके गृह जिले समस्तीपुर भेज दिया गया। बुधवार, 4 नवंबर की रात जब संजीव का शव मुसरीघरारी पहुंचा, तो गांव में मातम छा गया। स्थानीय निवासी और रिश्तेदार बड़ी संख्या में उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए जमा हुए।

संजीव की इस असामयिक मृत्यु ने न केवल उनके परिवार को तोड़ दिया है, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। अंतिम संस्कार के लिए जब शव को ले जाया गया, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। एक हंसता-खेलता परिवार अब अपने बेटे और सहारा को खोकर सदमे में है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment