बिहार

समस्तीपुर: NH-28 पर भीषण सड़क हादसा, पानी खरीदने उतरे छात्र को ट्रक ने रौंदा, मौत

बिहार के समस्तीपुर में NH-28 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से परिवार में मातम।

Sonu Nigam· 3 Nov, 12:18 PM · 1 मिनट
समस्तीपुर: NH-28 पर भीषण सड़क हादसा, पानी खरीदने उतरे छात्र को ट्रक ने रौंदा, मौत

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां नेशनल हाईवे 28 पर राजधानी चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने 24 वर्षीय छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ताजपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।

मृतक की पहचान सुमित सुमन के रूप में हुई है, जो बेगूसराय के वीरपुर निवासी सेवानिवृत्त प्रोफेसर चंद्र किशोर झा का बेटा था। सुमित स्नातक का छात्र था और वर्तमान में अपनी मां के साथ मुजफ्फरपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के पास रहता था। जानकारी के मुताबिक, सुमित हाल ही में अपने 96 वर्षीय बीमार दादा से मिलने बेगूसराय गया था, जो अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे।

पानी खरीदने के लिए बस से उतरा था छात्र

हादसे के वक्त सुमित अपनी मां के साथ बस में सवार होकर बेगूसराय से मुजफ्फरपुर लौट रहा था। रास्ते में राजधानी चौक के पास सुमित पानी खरीदने के लिए बस से नीचे उतरा। जैसे ही वह सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था, मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस अचानक हुई मौत से सुमित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment