बिहार फिर हुआ शर्मसार नाबालिग के साथ चार दरिंदों ने मिलकर किया दुष्कर्म
बिहार के सारण जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले में पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में छपरा जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात तब हुई जब पीड़िता बाजार से सामान खरीदकर पैदल अपने घर लौट रही थी। रास्ते में चंवर के पास घात लगाए बैठे युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब एक अन्य युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की।
एसएसपी के निर्देश पर चली छापेमारी, तकनीकी जांच से मिले आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही सारण के एसएसपी रौशन कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत मढ़ौरा-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी की, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजा गया है। सारण पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और ऐसे जघन्य अपराध करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।