सारण पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में 14 वारंटियों समेत 55 आरोपी गिरफ्तार
सारण पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 14 वारंटियों समेत 55 आरोपियों को दबोचा और भारी मात्रा में शराब व हथियार बरामद किए।

बिहार के सारण जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत पिछले 24 घंटों के भीतर कुल 55 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में अलग-अलग संगीन मामलों के आरोपी शामिल हैं। इनमें 14 ऐसे लोग हैं जिनके खिलाफ वारंट जारी था। वहीं, शराबबंदी कानून के तहत 13 लोगों को शराब सेवन करते हुए और 6 लोगों को शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, एनडीपीएस एक्ट में 3, हत्या के प्रयास में 3, अपहरण में 1, डकैती में 1, आर्म्स एक्ट में 1 और पोक्सो एक्ट में एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा है। अन्य विभिन्न मामलों में भी 12 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है।
हथियार, शराब और अपहृत लोग बरामद
गिरफ्तारी के साथ-साथ पुलिस ने बरामदगी के मोर्चे पर भी बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 470.1 लीटर शराब जब्त की है, जिसमें 436.800 लीटर देशी और 33.300 लीटर विदेशी शराब शामिल है। हथियारों की बात करें तो पुलिस ने एक देसी कट्टा, पांच कारतूस और एक हसुआ बरामद किया है। साथ ही, नशीले पदार्थों में 6 ग्राम स्मैक और चोरी के सामान में एक ताला जब्त किया गया है।
पुलिस टीम ने तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है। सबसे राहत की बात यह रही कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपहृत लोगों को भी बरामद किया है। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा और अपराध रोकथाम के लिए चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 15 वाहनों का चालान काटकर कुल 34,000 रुपये का अर्थदण्ड भी वसूला गया।