बिहार केसरी की जयंती: पटना में श्री कृष्ण सिंह कि आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और राज्य के गौरव 'बिहार केसरी' डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर बुधवार को पटना में एक भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य सचिवालय परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा के पास आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के शीर्ष नेतृत्व ने हिस्सा लिया और बिहार के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
समारोह के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और राजनीतिक चेहरे भी मौजूद रहे, जिन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर बिहार केसरी को नमन किया।
समारोह में जुटे दिग्गज और गूंजे देशभक्ति के गीत
श्रद्धांजलि देने वालों में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास एवं सूचना जन-सम्पर्क मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी प्रमुख थे। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक श्याम रजक, रत्नेश कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह और पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बनाने के लिए सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं। समारोह में आरती-पूजन के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र गान, बिहार गीत और देशभक्ति के गीतों का गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और सम्मान से भर गया।