पंजाब के ब्यास में सड़क हादसे में सुपौल के युवक की मौत, दिवाली पर घर लौटने वाला था सूरज
पंजाब के ब्यास में सड़क हादसे में सुपौल के सूरज उरांव की जान चली गई। दिवाली पर घर लौटने वाला था युवक, अब शव पहुंचा गांव।

बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। पंजाब के ब्यास में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुपौल के एक युवक की जान चली गई। सबसे दुखद बात यह है कि मृतक युवक दिवाली के मौके पर अपने परिवार से मिलने घर लौटने की तैयारी कर रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही मौत ने उसे अपनी आगोश में ले लिया।
घटना सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड की ग्वालपाड़ा पंचायत की है। यहां के वार्ड नंबर 8 निवासी 25 वर्षीय सूरज उरांव पंजाब में मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, सूरज ब्यास के एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। शुक्रवार को अपना काम खत्म करने के बाद जब वह कमरे से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज की मौके पर ही मौत हो गई।
घर पहुंची लाश, मातम में बदली दिवाली की खुशियां
सूरज की मौत की खबर मिलते ही उसके पैतृक गांव में कोहराम मच गया। जिस घर में दिवाली के दीये जलने थे और खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब केवल चीख-पुकार और सन्नाटा है। जब सूरज का शव गांव पहुंचा, तो उसकी पत्नी ललिया देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूरज के चचेरे भाई अमित कुमार ने बताया कि हादसे में सूरज का शरीर इतना क्षत-विक्षत हो गया था कि पोस्टमार्टम कराना भी मुमकिन नहीं था। सूरज अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी दो साल की बेटी साक्षी, तीन साल का बेटा संतोष और आठ महीने का मासूम सुशांत अभी इस बात से अनजान हैं कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।
मृतक की बहन रीता कुमारी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे उसकी भाई से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। सूरज ने बेहद उत्साह के साथ बताया था कि वह दिवाली मनाने घर आ रहा है और अब ट्रेन पकड़ने स्टेशन जा रहा है। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनके भाई की आखिरी आवाज होगी। इस हादसे ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।