किशनगंज: भीषण सड़क हादसे में उजड़ा परिवार, मां और 6 महीने की मासूम बेटी की मौत
किशनगंज के टेऊसा पंचायत में दो बाइकों की टक्कर में मां और 6 महीने की मासूम बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।

बिहार के किशनगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। टेऊसा पंचायत में शुक्रवार की शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक महिला और उनकी महज छह महीने की मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, पूरब बस्ती के रहने वाले जुबेर आलम अपनी पत्नी सग्गुप्ता और छह महीने की बेटी मरियम के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे जब वे ठौआपाड़ा कब्रिस्तान के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सग्गुप्ता उछलकर सड़क पर जा गिरीं और सिर में गंभीर चोट आने की वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल ले जाने के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
हादसे में मासूम मरियम भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और बच्ची को सदर अस्पताल किशनगंज ले जाने की कोशिश की, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने रास्ते में दम तोड़ दिया। एक साथ मां और बेटी को खोने के बाद जुबेर आलम का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गुस्से में आए ग्रामीणों ने दूसरी मोटरसाइकिल के चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। इस दुखद घड़ी में सदर विधायक कमरुल हुदा और पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मैनुद्दीन ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पुलिस फिलहाल मामले की कानूनी जांच कर रही है।