गुरुग्राम: होटल के बाथटब में मिला यूके रिटर्न इंजीनियर का शव, ऋषिकेश घूमकर लौटा था घर
गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल के बाथटब में यूके से आए इंजीनियर प्रांजिल पाठक का शव मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां रुके एक इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बाथटब (जकूजी) में मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है, जो यूनाइटेड किंगडम (UK) के मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत था। प्रांजिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला था और हाल ही में छुट्टियों के लिए भारत आया था।
जानकारी के मुताबिक, प्रांजिल उत्तराखंड के ऋषिकेश की यात्रा कर सोमवार को दिल्ली लौटा था। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपने एक दोस्त को फ्लाइट में छोड़ने के बाद, उसने रात बिताने के लिए सेक्टर-53 के ओरसम होटल में कमरा नंबर 302 बुक किया था। सोमवार रात करीब 8 बजे जब होटल स्टाफ को कुछ गड़बड़ लगी, तो उन्होंने कमरे की जांच की। अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए; प्रांजिल जकूजी में अचेत अवस्था में पड़ा था। तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सीसीटीवी में नहीं दिखा कोई संदिग्ध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर दिया। पुलिस ने होटल की तीसरी मंजिल और एंट्री-एग्जिट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जांच अधिकारी अजय के अनुसार, फुटेज में प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर जाने के सबूत नहीं मिले हैं, साथ ही कमरा अंदर से लॉक था।
फिलहाल मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का अनुमान है कि जकूजी में नहाते समय दिल का दौरा पड़ने या फिसलने जैसी वजहें हो सकती हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
इस दुखद खबर ने आगरा में उसके परिवार को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि प्रांजिल का करियर काफी अच्छा चल रहा था और उसकी शादी की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं, जो जल्द ही यूके में होने वाली थी।