नोएडा पुलिस एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी अपराधी अमन त्यागी ढेर, मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी घायल
नोएडा पुलिस और CRT की टीम ने मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी अपराधी अमन त्यागी को मार गिराया। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

नोएडा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सेक्टर 126 थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को हुई एक भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने कुख्यात अपराधी अमन त्यागी को मार गिराया है। अमन त्यागी, जिसे पुलिस रिकॉर्ड में 'माया त्यागी' के नाम से भी जाना जाता था, पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह खूंखार रंदीप भाटी गैंग का एक सक्रिय शूटर था और लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा पुलिस और CRT की एक संयुक्त टीम इलाके में रूटीन चेकिंग और सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अमन त्यागी को घेरा गया। खुद को घिरा देख अपराधी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन त्यागी को गोलियां लगीं। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपराध की दुनिया में था बड़ा नाम
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के तीन जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला अमन त्यागी एक शातिर अपराधी था। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अमन त्यागी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि अपराधी के पूरे नेटवर्क की मैपिंग की जा रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।