शाजापुर: मध्यप्रदेश के शाजापुर शहर में हुई एक शादी करीब एक महीने बाद उस समय विवाद और चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हे के परिवार ने दुल्हन के थर्ड जेंडर होने का दावा किया।
परिवार का आरोप है कि शादी से पहले यह जानकारी उनसे छिपाई गई। मामला इतना बढ़ा कि दुल्हन के परिजनों को बातचीत के लिए बुलाया गया, लेकिन दोनों पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।दरअसल शाजापुर के काछीवाड़ा क्षेत्र निवासी अनिल सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
अनिल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक परिचित महिला ने राजगढ़ जिले के पचोर क्षेत्र में एक लड़की का रिश्ता बताया। करीब दो महीने पहले अनिल और उनके परिवार के लोग लड़की देखने पचोर पहुंचे। परिवार का कहना है कि दोनों ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया। इसके बाद शादी की तारीख 29 जून तय हुई।
अनिल का दावा है कि परिवार शादी वर्ष 2027 में करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वालों ने दबाव बनाया और 29 जून को शादी करने की बात तय कर दी। लड़की के परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कहकर उनसे एक लाख रुपए मांगे गए, जो उन्होंने दे दिए। इसके बाद धूमधाम से शादी की तैयारी की गई। 29 जून को पचोर में मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई और दुल्हन को शाजापुर लाया गया। अनिल के परिवार का दावा है कि शादी में करीब पांच लाख रुपए खर्च हुए।
परिवार के अनुसार, शादी के बाद दुल्हन करीब दो दिन शाजापुर में रही। इस दौरान उसने पेट में दर्द होने की बात कही और बाद में अपने मायके चली गई। इसके बाद 23 जुलाई को वह दोबारा शाजापुर आई। परिवार का कहना है कि उसने इस दौरान पीरियड आने की बात कही, जिस पर किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन इसके बाद परिवार को कुछ ऐसा पता चला, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
अनिल की भाभी रेखा ने बताया कि वह दाढ़ी-मूछ बनाती थी, तो हमने बोला कि तू दाढ़ी-मूछ क्यों बनाती है। उसने कहा कि हाँ, बनवाते हैं। तो मैंने कहा कि तूने यहाँ पर भी बनाई। उसने कहा कि नहीं बनाई, दीदी से बनवाई पचोर में। मैंने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता, तूने यहाँ पर भी बनाई।





