उज्जैन: उज्जैन जिले के महिदपुर के ग्राम टांडा में बीच शैक्षणिक सत्र में प्राथमिक विद्यालय बंद किए जाने की सूचना ने ग्रामीणों का गुस्सा भड़का दिया।मामले की जानकारी ग्रामीणों ने महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस को दी। विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए विधायक ग्रामीणों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर विरोध जताया गया।सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

विधायक और ग्रामीणों ने एसडीएम अजय हिंगे और तहसीलदार संतुष्टि पाल से चर्चा करते हुए कहा कि बीच सत्र में स्कूल बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी और अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी।

ग्रामीणों ने मांग रखी कि स्कूल को शासकीय किया जाए और वर्तमान शैक्षणिक सत्र में स्कूल का संचालन किसी भी हालत में बंद न किया जाए।

वहीं मौके पर पहुंचे बीईओ किशोर परमार ने बताया कि टांडा का विद्यालय अनुदान प्राप्त पात्र संस्था है। पोर्टल से विद्यालय का नाम हट जाने के कारण इसके संचालन को बंद करने को लेकर चर्चा चल रही थी।

लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में स्कूल बंद नहीं किया जाएगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

आगे की कार्रवाई के लिए पूरे मामले की जानकारी जिले के अधिकारियों को भेजकर मार्गदर्शन लिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।अब देखना होगा कि सत्र खत्म होने के बाद इस स्कूल के भविष्य को लेकर प्रशासन क्या फैसला करता है।