बूंदी: जिले के नैनवां थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने न केवल महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी नहीं बख्शा। वहीं नैनवा पुलिस ने महिला ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण करवा लिया है। जांच के साथ मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की बात पुलिस कह रही है। घायलों का नैनवा अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 11 निवासी रुबीना अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गांव का बंटी पुत्र रामदेव मीणा कथित रूप से उनके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने महिला को अपमानित करने की नीयत से रसोई में रखे बर्तनों के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला के कानों से सोने के टॉप्स खींच लिए, जिससे उनके दोनों कान घायल हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पास में पड़ी लकड़ी उठाकर उनके सिर, माथे, कमर और हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर सुनकर उनकी बेटी सना बचाने के लिए दौड़ी तो आरोपी ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और घसीटते हुए मारपीट की।
मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि महिला परिवार के सदस्य जब बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उनके दाहिने हाथ पर दांत से काट लिया। इससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। आरोप है कि आरोपी ने दोनों के मोबाइल फोन भी छीनकर जमीन पर पटक दिए, जिससे वे टूट गए। साथ ही घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया, जिससे करीब 17 से 18 हजार रुपये की क्षति हुई।
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते लोग नहीं आते तो आरोपी किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकता था।





