बरेली: थाना मीरगंज क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को मौके से दबोच लिया गया. बाद में गिरोह से जुड़ी एक महिला को भी गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने के कुंडल बरामद किए गए.

पुलिस के अनुसार, देर रात गश्त के दौरान कुल्छा पेट्रोल पंप से नगरिया सादात मार्ग स्थित मजार के पास संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अमन उर्फ शहजाद उर्फ शहजादे निवासी असिलपुर, थाना किठौर (मेरठ) के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज भेजा गया.


मौके से पुलिस ने पप्पू सिंह उर्फ फौजी निवासी भैयानगला, थाना पटवाई (रामपुर) और आसिफ निवासी धोकपुरी टांडा, थाना अजीमनगर (रामपुर) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए.

पूछताछ में आरोपियों ने 15 जुलाई को मीरगंज बाजार में एक महिला के सोने के कुंडल टप्पेबाजी कर चोरी करने की वारदात स्वीकार की. जांच के दौरान आसिफ की पत्नी फईमा की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया.उसकी निशानदेही पर चोरी के एक जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए गए.

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.