मुरैना। जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पश्चिम, मुरैना ने कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अघोषित बिजली कटौती बंद करने और ग्रामीण क्षेत्रों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू पचौरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लोड शेडिंग के नाम पर बार-बार बिजली बंद किए जाने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों की सिंचाई व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां और घरेलू कामकाज बाधित हो रहे हैं। गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली गुल होने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने विशेष रूप से मुरैना गांव की बिजली लाइन को मुरैना ग्रामीण क्षेत्र से अलग करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बार-बार प्रभावित होती है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है।

ज्ञापन में नियमित बिजली आपूर्ति, आवश्यक कटौती की पूर्व सूचना और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर विभागीय अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।