मंडला :- कलेक्ट्रेट के जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सरकारी जमीन से जुड़े विवाद से परेशान एक महिला ने अपनी समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज होकर अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

महिला का आरोप है कि वह अपनी जमीन संबंधी समस्या को लेकर कई बार जनसुनवाई में आवेदन दे चुकी है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत का कोई ठोस निराकरण नहीं हुआ। बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी। इसी आक्रोश और निराशा में उसने जनसुनवाई के दौरान आत्मदाह का प्रयास किया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने महिला को समझाइश दी और उसकी शिकायत की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने भी तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

इस घटना ने एक बार फिर जनसुनवाई की कार्यप्रणाली और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिकायतों का समय पर समाधान होता, तो संभवतः महिला को इतना बड़ा कदम उठाने की नौबत नहीं आती। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित विभाग को महिला की शिकायत का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।