शाजापुर: मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपनी शुजालपुर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान वे किठौर गांव पहुंचे, जहां ओडिशा में समुद्र में लापता हुए स्थानीय खो-खो खिलाड़ी के परिजनों से मुलाकात की। मंत्री परमार ने पीड़ित परिवार से सांत्वना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहायता और मदद का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, मंडल अध्यक्ष महेंद्र गोवा, मंडल महामंत्री भोजराज मेवाड़ा, सरपंच ईश्वर पाटीदार, सरपंच रमेश चंद्र कासनियां, सरपंच दिलीप पटेल, राजेंद्र शर्मा, पूर्व सरपंच प्रहलाद सिंह, संतोष राठौर सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में विपक्ष द्वारा शिक्षा नीति पर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा- "अंग्रेजों ने अपने स्वार्थ के लिए भारत की मूल शिक्षा नीति को बदला और उसे बर्बाद किया। दुर्भाग्य से आजादी के बाद भी कांग्रेस ने उसी मैकाले द्वारा बनाई गई शिक्षा नीति को जारी रखा। वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'राष्ट्रीय शिक्षा नीति' NEP लाकर अंग्रेजों द्वारा पोषित व्यवस्था को समाप्त किया गया। आज देश में भारत-केंद्रित, गुणवत्तापूर्ण और ज्ञान-आधारित शिक्षा दी जा रही है। आजादी के समय जो कार्य कांग्रेस को भारतीय दर्शन के आधार पर करना चाहिए था, वह अब भाजपा सरकार कर रही है।"

सागर शराब कांड पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि "हमारे मुख्यमंत्री जी ने इस विषय पर बेहद संवेदनशीलता और सख्ती दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।"