मुरादाबाद: इंदिरा चौक स्थित हाजी बिशरत किन्नर के आवास पर रविवार को किन्नर समाज की ओर से प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कांफ्रेंस में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग मौजूद रहे। इस दौरान करुला गली नंबर-4 निवासी बबली किन्नर उर्फ मीरा को लेकर समाज के लोगों ने अपनी शिकायतें और आरोप मीडिया के सामने रखे।
प्रेस कांफ्रेंस में किन्नर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि बबली किन्नर की कथित गतिविधियों के कारण समाज की छवि प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि जाति और धर्म को लेकर विवादित गतिविधियां की जाती हैं। इसके अलावा कथित तौर पर नशे की हालत में गाली-गलौज और आपत्तिजनक व्यवहार किए जाने की भी शिकायतें सामने रखी गईं।
इस दौरान प्रेस कांफ्रेंस में कुछ वीडियो भी दिखाए गए, जिन्हें समाज के लोगों ने अपने आरोपों से जोड़ते हुए सामने रखा। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
किन्नर समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए बबली किन्नर का मेडिकल चेकअप कराया जाए। उनका कहना है कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की स्वास्थ्य या मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने आती है तो नियमानुसार उपचार कराया जाए। वहीं, यदि नशे की लत की पुष्टि होती है तो नियमानुसार नशामुक्ति केंद्र भेजकर उपचार कराया जाए।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाज से जुड़े कई लोगों ने अपनी-अपनी बातें रखीं और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। समाज के लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के व्यक्तिगत आचरण का असर पूरे समुदाय की छवि पर नहीं पड़ना चाहिए और मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कदम उठाए जाने चाहिए।





