शिवपुरी: जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो आदिवासी बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 भैंस और 9 बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। पशुपालकों को प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 15 से 17 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय दशरथ आदिवासी पुत्र बाबू आदिवासी अपने रिश्तेदार 10 वर्षीय अभिषेक आदिवासी के साथ जंगल में बकरियां चराने गया था। दोपहर में अचानक बारिश शुरू होने पर दोनों बच्चे बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में दशरथ के परिवार की 9 बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसी दौरान आसपास चर रही 17 भैंसें भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। मृत पशुओं में मुन्नालाल पाल की 5, चंद्रभान पाल की 5, राकेश पाल की 2, शोभाराम पाल की 2, जगदीश लोधी की 2 और सीताराम पाल की 1 भैंस शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मृत पशुओं से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।





