डीडवाना-कुचामन: जिले के कुचामन शहर में एक बार फिर रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क की आहट ने व्यापारियों और आमजन की चिंता बढ़ा दी है। कुचामन थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को वॉइस मैसेज के जरिए कथित रूप से रंगदारी की धमकी मिलने के बाद शहर में दहशत का माहौल है। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पिछले एक वर्ष के दौरान कारोबारी रमेश रूलानिया हत्याकांड और भाजपा के नागौर देहात जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को मिली धमकियों जैसे मामले अभी भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। इन घटनाओं की कड़ी में सामने आए नए प्रकरण ने व्यापारिक समुदाय को एक बार फिर चिंता में डाल दिया है।

हालांकि, इस बार जिला पुलिस प्रशासन ने शुरुआत से ही सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। डीडवाना-कुचामन के पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने खुद कुचामन पहुंचकर आमजन और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और धमकी देने वालों के खिलाफ जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

कारोबारी को वॉइस मैसेज से मिली धमकी

जानकारी के अनुसार, कुचामन थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को मोबाइल फोन पर वॉइस मैसेज के माध्यम से कथित रूप से रंगदारी की धमकी दी गई। मैसेज मिलने के बाद कारोबारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी और अपनी सुरक्षा की मांग की। मामला सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार पुलिस धमकी देने वाले मोबाइल नंबर, वॉइस रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल, इंटरनेट प्रोटोकॉल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी स्थानीय स्तर से दी गई है या किसी संगठित गैंग के माध्यम से।

सीएलजी बैठक में एसपी का बड़ा संदेश

इसी बीच कुचामन थाना परिसर में जिला स्तरीय सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने की। बैठक में ASP विमल नेहरा, थानाधिकारी राजेंद्र कुमार, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।