डीडवाना-कुचामन: जिले परबतसर में शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी की यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने वाली गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस थाना परबतसर की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को अजमेर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरूद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 10 मोबाइल फोन और 40,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार नंबर यूपी 14 ईएक्स 1035 को भी डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को परबतसर कस्बे में शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी की यात्रा के दौरान नगरपालिका के पास स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इस दौरान भीड़ में अज्ञात चोरों ने कई लोगों के मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ली। मामले में राघव शर्मा पुत्र रामचरण शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 02, परबतसर ने 8 अक्टूबर को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस पर पुलिस थाना परबतसर में प्रकरण संख्या 218/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास तथा आरोपियों के संभावित ठहराव और आवागमन के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर मोहित, उमेश, शरीफ और इमरान को अजमेर से दस्तयाब किया। पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को रूपनगढ़ रोड पर बालाजी मंदिर के पास से निरूद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड, नागौर के समक्ष पेश किया गया।
10 मोबाइल और 40,850 रुपये बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से चोरी किए गए 10 मोबाइल फोन और 40,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार को भी डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में अनुसंधान जारी है।





