सुल्तानपुर: आगामी श्रावण मास और सावन मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जनवारीनाथ धाम पहुंचकर मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध करा दी जाएं।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने अधिकारियों को सावन मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, नियमित गश्त तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ पुलिस का व्यवहार सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील होना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तैयारी रखने को कहा।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का कहना है कि सावन मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





