बलिया : वायरल गर्ल दिव्यांग रागिनी से सीएम योगी के बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी मुलाकात की। पैर की दिव्यांगता के बावजूद कूद-कूदकर स्कूल आने-जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आई मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव निवासी रागिनी शनिवार को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिली।

बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू के साथ रागिनी अपने पिता देवेंद्र राजभर और माता बबिता राजभर के साथ सपा कार्यालय पहुंची। अखिलेश यादव ने रागिनी को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

उन्होंने लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में रागिनी के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही उसकी अच्छी शिक्षा का इंतजाम समाजवादी पार्टी की ओर से कराने का आश्वासन दिया। वहां केजीएमसी से आये एक डाक्टर ने रागिनी का परीक्षण भी किया। इस दौरान पार्टी कार्यालय पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने भी अपनी ओर से रागिनी को 50 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता दी।

रागिनी दोनों पैरों से दिव्यांग है। परिजनों के अनुसार, छोटी उम्र में हुए एक हादसे में उसके पैर खराब हो गए थे। दिव्यांगता के कारण उसे स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। इसी दौरान कूद-कूदकर स्कूल जाने का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद वह चर्चा में आ गई।

वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह समेत कई समाजसेवी और स्वयंसेवी संगठनों के लोग रागिनी के घर पहुंचे और मदद की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को विधायक केतकी सिंह के साथ रागिनी से मुलाकात की थी। शनिवार को अखिलेश यादव का संदेश मिलने के बाद सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू रागिनी और उसके माता-पिता को लेकर सड़क मार्ग से लखनऊ पहुंचे।

मुलाकात के बाद नीरज सिंह गुड्डू ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रागिनी के बेहतर इलाज और शिक्षा की पूरी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि नीरज सिंह गुड्डू की ओर से पहले ही शिक्षा के लिए नारायनपुर गांव में स्थित सीबीएसई बोर्ड के बीएन इंटरनेशनल स्कूल में रागिनी का प्रवेश कराया जा चुका है। इस दौरान रामदेव यादव व राजेश यादव आदि मौजूद थे।