जौनपुर: पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने रिश्ते में ऐसी दरार पैदा कर दी कि मामला महिला थाने तक पहुंच गया। दोनों के बीच सुलह की कोई राह नजर नहीं आ रही थी, लेकिन महिला थाना पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग ने हालात बदल दिए। मिशन शक्ति के तहत हुई पहल के बाद पति-पत्नी ने पुरानी बातों को भुलाकर फिर से साथ रहने का फैसला किया और परिवार टूटने से बच गया।
मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव का है। मंगलवार 15 सितंबर को मीरा मौर्या ने अपने पति शिवशंकर मौर्या के खिलाफ महिला थाना जौनपुर में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्यामा तिवारी ने दूसरे पक्ष को नोटिस देकर थाने बुलाया।
दोनों पक्षों के थाने पहुंचने पर महिला थाना प्रभारी ने अपने कार्यालय में बैठाकर विस्तार से बातचीत की। मिशन शक्ति के तहत पति-पत्नी को परिवार के महत्व, आपसी समझ और बच्चों के भविष्य के बारे में समझाया गया। काफी देर तक चली काउंसलिंग के बाद दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हुईं और दोनों ने अपनी पुरानी बातों को पीछे छोड़ने पर सहमति जताई।
इसके बाद पति-पत्नी ने अपनी इच्छा से सुलह-समझौता कर लिया। महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी के मुताबिक दोनों पक्ष अब आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हैं और हंसी-खुशी अपने घर वापस लौट गए। महिला थाना पुलिस की इस पहल से एक बार फिर विवाद के कारण टूटने की कगार पर पहुंचा परिवार जुड़ गया।





