वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलेगी दूसरी वंदे भारत स्लीपर, पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ
पीएम मोदी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। जानें समय और सुविधाओं की पूरी डिटेल।

भारतीय रेलवे के सफर में एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी वाराणसी नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे। यह ट्रेन प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करेगी और यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाएगी।
इस नई सेवा की शुरुआत 31 अक्टूबर, 2026 को होगी। उद्घाटन के दिन ट्रेन नंबर 0527 शाम 4:15 बजे वाराणसी से प्रस्थान करेगी और 1 नवंबर को रात 2:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, नियमित सेवाओं की बात करें तो ट्रेन नंबर 27421 रात 8:50 बजे वाराणसी से चलकर सुबह 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 27422 रात 9:40 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर अगली सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगी, जिसमें शुक्रवार को वाराणसी से और शनिवार को दिल्ली से प्रस्थान नहीं होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी यह हाई-स्पीड ट्रेन
यह ट्रेन न केवल रफ्तार बल्कि लग्जरी सुविधाओं के मामले में भी बेजोड़ है। 16 कोच वाली इस पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन में कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं। इसमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है। 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली इस ट्रेन में यात्रियों के लिए वाई-फाई, टच-फ्री बायो-टॉयलेट्स और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट्स जैसी सुविधाएं दी गई हैं। खास बात यह है कि फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों के लिए हॉट-वॉटर शॉवर की सुविधा भी होगी।
सुरक्षा के लिहाज से भी इस ट्रेन को बेहद एडवांस बनाया गया है। इसमें ट्रेन कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम (TCAS), सीसीटीवी कैमरे और धुएं का पता लगाने वाले सेंसर लगाए गए हैं। लगभग 759 किमी की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन शिव गंगा एक्सप्रेस के मुकाबले यात्रा के समय में करीब 55 मिनट की कमी लाएगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक सुखद होगा।