बलरामपुर: जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोंदला में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से जमकर हमला कर दिया। इस मारपीट में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि गोंदला गांव में जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान एक-दूसरे पर जमकर प्रहार किए गए, जिससे कई लोगों को चोटें आई हैं।

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब विवाद के दौरान ट्रैक्टर से भी दूसरे पक्ष के लोगों को कुचलने का प्रयास किए जाने का आरोप सामने आया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। जमीन विवाद को लेकर हुई इस हिंसक झड़प के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।