बांका: नदी किनारे झाड़ियों में मिला लापता व्यक्ति का कंकाल, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बिहार के बांका जिले में 45 दिनों से लापता व्यक्ति का क्षत-विक्षत कंकाल मिला है। परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया गंभीर आरोप।

बिहार के बांका जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां आनंदपुर थाना क्षेत्र के लहरनिया नदी के तट पर झाड़ियों से एक व्यक्ति का कंकाल बरामद हुआ है। यह व्यक्ति पिछले 45 दिनों से लापता था। जिस हालत में शव के अवशेष मिले, उसे देखकर इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटनास्थल पर मृतक का सिर और शरीर के अन्य हिस्से अलग-अलग पाए गए। वहीं, पास के एक पेड़ से रस्सी बंधी मिली, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। बरामद हुए मोबाइल फोन और आधार कार्ड के जरिए मृतक की पहचान दिघीबाड़ी गांव के निवासी दीनदयाल यादव के रूप में हुई है।
पड़ोसियों पर शक, पत्नी ने मांगी कड़ी सजा
दीनदयाल यादव के परिजनों ने बताया कि वह 16 सितंबर को काम के सिलसिले में घर से निकले थे। 17 सितंबर को ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी, लेकिन 20 सितंबर के बाद से उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया था।
परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लापता होने से करीब एक महीने पहले कुछ पड़ोसियों ने दीनदयाल को धमकी दी थी। अब कंकाल मिलने के बाद परिवार का शक उन पर गहरा गया है। मृतक की पत्नी कविता देवी ने रोते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की है। दीनदयाल अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए। आनंदपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।