बिहार

सीवान: पहले पत्नी ने तालाब में लगाया छलांग फिर पति ने भी दोनों की हुई मौत 2 साल की बेटी हुई अनाथ

Sonu Nigam· 22 Oct, 11:44 AM · 2 मिनट
सीवान: पहले पत्नी ने तालाब में लगाया छलांग फिर पति ने भी दोनों की हुई मौत 2 साल की बेटी हुई अनाथ

बिहार के सीवान जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेम प्रसंग ने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। महाराजगंज थाना क्षेत्र के पोखरा गांव में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े का अंत इतना दर्दनाक रहा कि दोनों की जान चली गई। विवाद के दौरान पत्नी ने घर के पास स्थित तालाब में छलांग लगा दी और उसे बचाने की कोशिश में पति भी गहरे पानी में समा गया।

जानकारी के मुताबिक, पोखरा गांव निवासी विशाल कुमार साह (28 वर्ष) का गांव की ही एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। रविवार रात जब विशाल उस महिला से मिलने उसके घर गया, तो वहां मौजूद परिजनों के साथ उसका विवाद हो गया। इस हंगामे की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराकर अगले दिन थाने आने की बात कही।

परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। जब विशाल घर लौटा, तो इसी मुद्दे को लेकर उसका अपनी पत्नी सुगंधा देवी (25 वर्ष) के साथ जोरदार झगड़ा हुआ। गुस्से और दुख में आकर सुगंधा ने पास के छठ घाट स्थित तालाब में छलांग लगा दी। अपनी पत्नी को डूबता देख विशाल उसे बचाने के लिए पानी में कूदा, लेकिन पानी इतना गहरा था कि वह खुद भी उसमें डूब गया।

72 घंटे बाद मिला पति का शव, मासूम बच्ची हुई अनाथ

इस हादसे का खुलासा सोमवार सुबह हुआ जब सुगंधा का शव तालाब से बरामद हुआ। मौके पर पहुंचे महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से विशाल के कपड़े मिले थे, जिससे उसके भी डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने घंटों तलाशी अभियान चलाया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी विशाल का पता नहीं चला।

बुधवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने विशाल के शव को तालाब में तैरते देखा, जिसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि इस दंपती की दो साल की एक मासूम बच्ची है, जिसके सिर से अब माता-पिता दोनों का साया उठ गया है।

दूसरी ओर, सुगंधा के मायके वालों ने इस मामले में विशाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment