उत्तर प्रदेश: सात फेरे लेने के बाद सामने आया बड़ा सच, पत्नी की हो चुकी थी ओपन हार्ट सर्जरी; बीमारी छिपाने के आरोप में 3 पर केस

अंबेडकरनगर: राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शादी से पहले युवती की गंभीर बीमारी छिपाने और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने युवती के पिता और दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भूतपूर्व कोड़हरा गांव निवासी पंकज कुमार पांडेय ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 25 अप्रैल 2025 को उनका विवाह आकांक्षा के साथ हुआ था। विवाह से पहले आकांक्षा के पिता उपेंद्र कुमार और भाइयों अजीत व अविनाश ने उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया था।
पंकज का आरोप है कि शादी के बाद उन्हें जानकारी हुई कि उनकी पत्नी की पहले ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है और उसका उपचार चल रहा है। इस संबंध में ससुराल पक्ष से पूछताछ करने पर विवाद शुरू हो गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पत्नी के इलाज पर करीब दो लाख रुपये खर्च होने की बात सामने आई। आर्थिक असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
आरोप है कि 10 मई 2026 को ससुराल पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पंकज ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी।