दिल्ली में फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का 97वां आयोजन, 1000 लोगों ने भरी हुंकार
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 1,000 लोगों ने फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के जरिए राष्ट्रीय एकता दिवस और ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक मनाया।

देश की राजधानी दिल्ली में फिटनेस का जबरदस्त जुनून देखने को मिला, जब तालकटोरा स्टेडियम स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' (SoC) के 97वें संस्करण का आयोजन किया गया। नवंबर की पहली सुबह और हल्की ठंड के बावजूद, करीब 1,000 फिटनेस प्रेमी इस इवेंट का हिस्सा बनने पहुंचे। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता दिवस और ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के उपलक्ष्य में किया गया, जिसकी थीम ‘एक सप्ताह, सात कार्य, एक ग्रह’ रखी गई थी।
यह अभियान केवल दिल्ली तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश में एक साथ चलाया गया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के मुताबिक, दिसंबर 2024 में शुरू हुए इस अभियान ने पिछले करीब दो वर्षों में देश के 31,000 स्थानों से लगभग 37 लाख प्रतिभागियों को जोड़ा है, जो भारतीयों के बीच बढ़ती फिटनेस जागरूकता को दर्शाता है।
नशा मुक्त भारत का संकल्प और फिटनेस की डोज
कार्यक्रम की शुरुआत फिट इंडिया एंबेसडर और योग कोच पंखुरी श्रीवास्तव के नेतृत्व में 'नशा मुक्त भारत' की शपथ के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने निर्धारित रूट पर 5 किलोमीटर की साइकिलिंग की। इवेंट में केवल साइकिलिंग ही नहीं, बल्कि योग कॉर्नर, जुम्बा सेशन, गेम जोन और फिटस्पायर स्टॉल जैसी गतिविधियां भी शामिल थीं, जिन्होंने हर उम्र के लोगों को आकर्षित किया।
इस मौके पर विशेष अतिथि और बॉडीबिल्डर दीपक शर्मा ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि फिटनेस ही असली संपत्ति है। उन्होंने लोगों को 'फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज' के मंत्र को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में खेल, योग और शिक्षा जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर की टेबल टेनिस खिलाड़ी ज्योति भारती, नवयोग समुदाय के प्रतिनिधि और विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर शामिल थे। इस बड़े आयोजन को राहगीरी फाउंडेशन, MY भारत, फिटस्पायर और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सहित कई संस्थाओं का समर्थन मिला।