मध्यप्रदेश: 27% ओबीसी आरक्षण की मांग पर नरसिंहपुर में आजाद पार्टी का प्रदर्शन, सरकार का पुतला दहन करने से पुलिस ने रोका

नरसिंहपुर: जिले के गाडरवारा में ओबीसी आरक्षण और आदिवासी सम्मान के मुद्दे पर आजाद पार्टी ने मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की मांग उठाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, भोपाल में 13 अक्टूबर को आदिवासी वर्ग के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला जलाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला दहन को लेकर खींचतान भी देखने को मिली।
गाडरवारा में आजाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरक्षण और आदिवासी सम्मान के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की रही। इसके साथ ही भोपाल में आदिवासी समुदाय के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने सरकार के प्रति नाराजगी जताई।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर पुतले को अपने कब्जे में लेने और उसे जलने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी मशक्कत देखने को मिली। प्रदर्शन के जरिए आजाद पार्टी ने आरक्षण और आदिवासी सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।