मधेपुरा: जिले के धुरगांव पंचायत के वार्ड नंबर-07 में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। करीब 150 घरों की आबादी वाले इस वार्ड में सड़क की जगह बारिश के दिनों में कीचड़ और पानी जमा हो जाता है। इसी से परेशान ग्रामीणों ने कीचड़ भरे रास्ते पर धान के पौधे रोपकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शन में महिलाएं, युवा और बच्चे भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि सड़क नहीं तो वोट नहीं। ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते से बच्चों को स्कूल, लोगों को बाजार और मरीजों को अस्पताल ले जाना पड़ता है। बरसात में कीचड़ के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों को आवेदन दिया गया। जिला पदाधिकारी को दिए आवेदन में सड़क निर्माण की मांग का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि अधिकारियों के स्तर से आदेश और रिपोर्ट के बावजूद अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मौके की जांच कराकर पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें कागज पर आदेश नहीं, बल्कि जमीन पर सड़क चाहिए।