इकदिल/इटावा। थाना इकदिल क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो पक्षों के बीच हुई मारपीट से इलाके में हड़कंप मच गया। ओवरब्रिज के पास सड़क पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। सरेआम हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा में आ गई है।वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान मारपीट के बीच लाठी लगने से एक महिला सड़क पर गिरती नजर आ रही है। सड़क पर अचानक हुए इस बवाल से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग घटना से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना स्थल इकदिल थाने से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में थाने के बेहद नजदीक दिनदहाड़े लाठी-डंडे चलने की घटना ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से क्या तहरीर दी गई है और कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, इसकी स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





