उज्जैन: नागझिरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह देवास रोड पर सांवरिया ढाबे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला सड़क किनारे बेसुध हालत में मिली। महिला के कपड़े कई जगह से फटे हुए थे और वह नशे की हालत में थी। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल चरक भवन अस्पताल में भर्ती कराया।

महिला के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान सीहोर जिले के नोमानिया-खाचरौद क्षेत्र की सुनीता ठाकुर के रूप में हुई। फिलहाल उसे चरक भवन की चौथी मंजिल स्थित महिला वार्ड में भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला अभी नशे की हालत में है, इसलिए वह घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है। शुरुआती बातचीत में महिला ने बताया कि वह ‘संजू’ नाम के युवक को तलाशते हुए सीहोर से उज्जैन आई थी।

महिला ने यह भी बताया कि उसे चक्कर आया और वह सड़क पर गिर गई। लेकिन उसके फटे कपड़े और बेसुध हालत ने पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है- महिला के साथ आखिर हुआ क्या? क्या वह सिर्फ नशे के कारण सड़क पर गिरी या उसके साथ कोई दूसरी घटना हुई? फिलहाल इसका जवाब पुलिस जांच और महिला के होश में आने के बाद ही सामने आएगा।

पुलिस महिला के उज्जैन आने की वजह, संजू नाम के युवक की भूमिका और महिला के साथ हुई किसी संभावित घटना की जानकारी जुटा रही है। महिला के बयान के बाद ही मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।