कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

​काम से घर लौटते वक्त हुआ हादसा

मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर, निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह कोरबा से अपना काम निपटाकर साइकिल से अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम खेरभावना के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

​सड़क पर उतरे ग्रामीण, 25 हजार की तात्कालिक सहायता

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग रखी।सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मृतक के परिजनों को मौके पर 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।