मैहर: मैहर जिले के ताला थाना अंतर्गत बिगौड़ी गांव में आदिवासी युवक भैयालाल कोल की नृशंस हत्या के बाद गांव में दहशत और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर गांव के कुछ मकानों की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें दीवारों पर 'घर बिकाऊ है' और पलायन से जुड़ी बातें लिखी दिखाई दे रही हैं। इन खबरों और अफवाहों के बीच मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने स्वयं कमान संभालते हुए ग्रामीणों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया है।
पुराणी रंजिश में हुई थी हत्या, तीन आरोपी जेल में
उल्लेखनीय है कि बीते 16 सितंबर की रात आरोपियों ने भैयालाल कोल को कुएं के पास बुलाया था, जहां उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पास ही कुएं में फेंक दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ताला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुरानी रंजिश के तहत वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों—अफसर खान, इस्माइल उर्फ पप्पू खान और अजमेर खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
दीवारों पर लिखा संदेश और एसपी का बयान
हत्याकांड के बाद गांव में खौफ इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने अपनी दीवारों पर पलायन की मजबूरी जताते हुए संदेश लिख दिए। वायरल हो रही एक तस्वीर में दीवार पर लिखा देखा जा सकता है कि गांव में डर के कारण वे अपना घर छोड़कर जाने को मजबूर हैं।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने पुलिस टीम को तुरंत गांव भेजकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गांव में भय या पलायन जैसा माहौल बनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा:किसी भी नागरिक को डरने या गांव छोड़ने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। मैहर पुलिस हर स्थिति में आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"गांव में पुलिस बल तैनात है।





