सिरोही: पिण्डवाड़ा के समीप कोटल गांव के बोरलीवाला वीर बावसी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम को फायरिंग की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग की इस घटना में भगाराम गरासिया की मौत हो गई, जबकि कालूराम गरासिया गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई।
बताया जा रहा है कि घटना में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए सिरोही अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए सिरोही एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई।
फायरिंग किन कारणों से हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसे लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। घटना के बाद बोरलीवाला वीर बावसी और आसपास के क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच के बाद होने की उम्मीद है।





