उज्जैन। खड़े हनुमान मंदिर को हटाने का मामला एक बार फिर गरमा गया है। शुक्रवार सुबह नगर निगम की टीम मंदिर हटाने पहुंची तो मौके पर स्थानीय लोग जमा होने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया।नगर निगम की योजना के तहत मंदिर में स्थापित हनुमान प्रतिमा को टंकी चौक पर पुनर्स्थापित किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रतिमा की स्थापना के बाद टंकी चौक का नाम बदलकर ‘हनुमान चौराहा’ किया जाए।

30 अगस्त को विरोध के बाद रुक गई थी कार्रवाई

इससे पहले 30 अगस्त को भी निगम की टीम मंदिर हटाने पहुंची थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। उस दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुटे और हनुमान चालीसा का पाठ किया था।अब पुलिस की मौजूदगी में निगम ने दोबारा कार्रवाई शुरू की है, जिसके चलते मौके पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और लोगों की भीड़ पर प्रशासन की नजर है।

भक्त बोले- विकास कार्य का विरोध नहीं

मौके पर मौजूद हनुमान भक्त अभिषेक ठाकुर ने कहा कि मंदिर हटाए जाने से उन्हें दुख है, लेकिन वे विकास कार्य के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के व्यापारी और स्थानीय लोग विकास कार्य में पूरा सहयोग करेंगे।अभिषेक के मुताबिक, बावरी वाले हनुमान जी की प्रतिमा को धूमधाम से बड़े हनुमान चौराहे पर स्थापित किया जाएगा।अब सवाल सिर्फ मंदिर हटाने का नहीं, बल्कि आस्था और विकास के बीच प्रशासन इस पूरी कार्रवाई को किस तरह अंजाम देता है, इस पर भी सबकी नजर है।