विजयीपुर। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर बेलवा पंचायत के पंचायत सरकार भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण (PMAY-G) की System Generated प्रारूप प्रतीक्षा सूची में शामिल परिवारों की पात्रता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया।

ग्राम सभा के दौरान पात्रता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि आवास योजना का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक पहुंचे।

इस अवसर पर ग्रामीणों की भागीदारी एवं सुझावों को भी महत्व दिया गया। ग्राम सभा में आवास योजना को लेकर लोगों में विशेष उम्मीद और उत्साह देखने को मिला।

मुखिया संदीप यादव ने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार के लिए पक्का घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि उसके परिवार के सुरक्षित भविष्य, सम्मान और सपनों की मजबूत नींव है। पंचायत का प्रयास है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचे।

उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की सीधी भागीदारी का मंच है और आवास जैसी महत्वपूर्ण योजना में ग्रामीणों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।