बिहार

बिहार: नवरात्रि में 9 दिन व्रत रख मईया के विदाई के साथ सचिता ने खुद को भी कहा अलविदा

बिहार के सुपौल में 9 दिनों तक कठिन अनुष्ठान करने वाली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। डॉक्टर ने डिहाइड्रेशन और हार्ट अटैक की आशंका जताई है।

Sonu Nigam· 22 Oct, 4:06 PM · 2 मिनट
बिहार: नवरात्रि में 9 दिन व्रत रख मईया के विदाई के साथ सचिता ने खुद को भी कहा अलविदा

बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां श्रद्धा और आस्था के बीच एक महिला की जान चली गई। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 की रहने वाली 35 वर्षीय सचिता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब उन्होंने शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक एक बेहद कठिन धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया था।

बताया जा रहा है कि सचिता देवी ने त्रिवेणीगंज के बड़ी दुर्गा मंदिर में नौ दिनों का कठिन तप किया था। इस दौरान उन्होंने अपने सीने पर 'कलश' रखकर प्रार्थना करने का संकल्प लिया था। उनके पति वीरेंद्र यादव के मुताबिक, सचिता ने नवरात्रि के पहले दिन से ही यह अनुष्ठान शुरू कर दिया था। हालांकि, इस कठिन तप के कारण उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने लगा था।

चेतावनी के बावजूद नहीं तोड़ा व्रत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

परिजनों का कहना है कि अनुष्ठान के दूसरे दिन से ही सचिता की हृदय गति और पल्स कम होने लगी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और डॉक्टरों ने उन्हें व्रत तोड़ने और दवा लेने की सख्त सलाह दी थी। लेकिन अपनी मन्नत और संकल्प के प्रति अडिग रहते हुए उन्होंने नौ दिनों तक इस कठिन प्रक्रिया को जारी रखा।

मंगलवार को नवरात्रि समाप्त होने के बाद सचिता घर वापस आईं, लेकिन उसी रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बुधवार की सुबह उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी डॉक्टर उमेश कुमार मंडल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर मंडल ने शुरुआती तौर पर इस मौत की वजह शरीर में पानी की भारी कमी (डिहाइड्रेशन) और हृदय संबंधी समस्याओं को बताया है, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने घटना की पुष्टि की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment