दिल्ली एनसीआर

दिल्ली मेला हादसा: चलते झूले से गिरे पति-पत्नी, अस्पताल मे पत्नी ने छोड़ा साथ

पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी में दशहरा मेले की एक राइड से गिरने के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस लापरवाही की जांच कर रही है।

Sonu Nigam· 22 Oct, 12:59 PM · 2 मिनट
दिल्ली मेला हादसा: चलते झूले से गिरे पति-पत्नी, अस्पताल मे पत्नी ने छोड़ा साथ

पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी में आयोजित एक दशहरा मेले में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक रोमांचक राइड (झूले) से गिरने के कारण एक 27 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब लोग मेले का आनंद ले रहे थे, लेकिन सुरक्षा में बरती गई लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार तड़के करीब 1:30 बजे विकासपुरी के एफ ब्लॉक स्थित दशहरा ग्राउंड में हुआ। पीड़ित महिला, जिसकी पहचान गुड़िया के रूप में हुई है, उत्तम नगर की रहने वाली थी और घरेलू सहायिका का काम करती थी। पुलिस के अनुसार, गुड़िया और 35 वर्षीय रवि 'मिक्सर राइड' का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक राइड का सिक्योरिटी गेट टूट गया। गेट टूटने की वजह से दोनों अपना संतुलन खो बैठे और ऊंचाई से नीचे गिर गए।

हादसे के तुरंत बाद दोनों को माता चनन देवी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार को गुड़िया ने दम तोड़ दिया, जबकि रवि की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

नियमों की अनदेखी और पुलिस की कार्रवाई

इस घटना ने मेले के आयोजकों और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मेले को केवल रात 11 बजे तक चलाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन हादसा रात 1:30 बजे हुआ।

डीसीपी (वेस्ट) हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि अनुमति खत्म होने के बाद भी राइड क्यों चल रही थी। वहीं, मेले के आयोजक सुनील जिंदल का दावा है कि सभी राइड्स ने सुरक्षा जांच पास की थी और यह हादसा संतुलन बिगड़ने की वजह से हुआ। हालांकि, पुलिस अब राइड ऑपरेटर, मेंटेनेंस स्टाफ और आयोजक की भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment