बिहार

किशनगंज: करोड़ो की ब्राउन शुगर, अफीम अन्य नशीले पदार्थ समेत भारी मात्रा में शराब बरामद

किशनगंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करोड़ों की ब्राउन शुगर, शराब और चोरी का सामान बरामद किया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें।

Sonu Nigam· 22 Oct, 3:40 PM · 2 मिनट
किशनगंज: करोड़ो की ब्राउन शुगर, अफीम अन्य नशीले पदार्थ समेत भारी मात्रा में शराब बरामद

बिहार के किशनगंज जिले में नशे के सौदागरों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर, स्मैक और हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई 12 से 18 अक्टूबर के बीच चली, जिसका मकसद जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाना था।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस छापेमारी में कुल 515.11 ग्राम स्मैक, हेरोइन और ब्राउन शुगर जब्त की गई है। नशे के अलावा पुलिस ने अन्य अवैध गतिविधियों पर भी प्रहार किया। अभियान के दौरान 22.04 ग्राम अफीम, 111.325 लीटर विदेशी शराब और 60.5 लीटर देशी शराब बरामद हुई, जबकि करीब 500 लीटर जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

तस्करी और चोरी के सामानों का जखीरा बरामद

पुलिस की यह कार्रवाई केवल नशे तक सीमित नहीं रही, बल्कि तस्करी और चोरी के नेटवर्क को भी ध्वस्त किया गया। पुलिस ने इस दौरान 10 मवेशियों को बचाया और कई वाहन जब्त किए, जिनमें एक ट्रक, एक ट्रैक्टर, एक पिकअप, दो मोटरसाइकिल और दो टोटो शामिल हैं। इसके अलावा, गृहभेदन और चोरी की वारदातों से जुड़े सामान जैसे 12 मोबाइल फोन, ताले, वजन मशीन और गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए।

जेवरातों की बात करें तो पुलिस ने सोने जैसी धातु की बाली, अंगूठी और टिकली के साथ-साथ चांदी जैसी धातु के पायल, लॉकेट और सिक्कों को भी जब्त किया है। साथ ही, 91,560 रुपये भारतीय मुद्रा और 50 हजार नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी सख्ती बरती गई, जिससे पुलिस को 1.32 लाख रुपये का शमन शुल्क प्राप्त हुआ।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने साफ कर दिया है कि अपराधियों और तस्करों के खिलाफ यह अभियान थमने वाला नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके पास मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वे एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

यह ख़बर दोस्तों तक पहुँचाएँ
शेयर करें

Comments

Leave a comment