बिहार: शिक्षा विभाग की अधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर EOU का छापा, करोड़ों की बेनामी संपत्ति उजागर
आर्थिक अपराध इकाई ने शिक्षा अधिकारी रूबी कुमारी और उनके पति के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों की बेनामी संपत्ति का खुलासा किया है।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शिक्षा विभाग की एक प्रोग्राम ऑफिसर रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। मंगलवार सुबह EOU की टीम ने एक साथ चार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें किशनगंज के दो ठिकाने भी शामिल थे। इस पूरी कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि रूबी कुमारी और उनके पति ने अपनी वैध कमाई से कहीं ज्यादा संपत्ति जमा कर ली है। शुरुआती जांच के मुताबिक, इन दोनों ने अवैध तरीके से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक है।
किशनगंज और कटिहार में चला सर्च ऑपरेशन
EOU की यह कार्रवाई मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे शुरू हुई। किशनगंज में दो डीएसपी रैंक के अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने रूबी कुमारी के रुइधसा स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित उनके किराए के घर पर तलाशी ली। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और सदर थाना पुलिस की तैनाती के साथ ही मुख्य द्वारों को सील कर दिया गया था ताकि कोई सबूत नष्ट न कर सके।
डीएसपी जनीफुद्दीन ने बताया कि जिला प्रोग्राम ऑफिसर (DPO) रूबी कुमारी और उनके पति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज होने के बाद यह समन्वित छापेमारी की गई। अधिकारियों ने मौके से बैंक खातों का विवरण और जमीन के कागजात बरामद किए हैं।
EOU का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी और बरामद दस्तावेजों का मिलान होगा, अवैध संपत्ति का यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। यह पूरी कार्रवाई अदालत से मिले सर्च वारंट के बाद की गई है, क्योंकि अधिकारी द्वारा पद के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के पुख्ता सबूत मिले थे। फिलहाल टीम संवेदनशील फाइलों और अन्य प्रॉपर्टी दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।